कलेक्टर ने सिम्स और जिला अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश छिंदवाड़ा (ईएमएस)। छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स) से संबद्ध जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें कलेक्टर हरेन्द्र नारायण ने मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परिसर में पुलिस की नियमित गश्त की जाए। वहीं फायर फाइटिंग सिस्टम के 32 प्वाइंट की चरणबद्ध जांच कर प्रत्येक वार्ड में मॉक ड्रिल कराई जाएगी, जिसकी जानकारी फोटो के माध्यम से साझा की जाएगी। इसी के साथ बैठक में जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर ने अस्पताल में ओपीडी और आईपीडी कक्षों में हो रहे पानी के रिसाव के कार्य को इस सप्ताह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपों की नियमित सफाई हाईट्स एवं राज सिक्योरिटीज के कर्मचारियों के माध्यम से सुनिश्चित करने और लापरवाही होने पर संबंधित एजेंसी पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्य सहायक अस्पताल प्रबंधक की निगरानी में किया जाएगा। बैठक में सिम्स के अधिष्ठाता, सिविल सर्जन, अधीक्षक, आरएमओ, सहायक प्रबंधक, सिम्स के वित्त अधिकारी, पीआईयू के कार्यपालन यंत्री तथा लोक निर्माण विभाग ई एंड एम के एसडीओ उपस्थित थे। मरीजों व आमजन के लिए बनाया जाएगा शौचालय बैठक में तय किया गया कि चिकित्सालय परिसर में मरीजों और आमजन की सुविधा के लिए सुलभ शौचालयों का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा। साथ ही अस्पताल परिसर में पुराने भवनों को डिस्मेंटल करने के लिए इसी सप्ताह नीलामी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिला अस्पताल भवन में लगी लिफ्टों की एएमसी के लिए टेंडर प्रक्रिया को तेज करते हुए 24 मार्च तक तकनीकी मूल्यांकन और 26 मार्च तक वित्तीय बिड की कार्यवाही पूर्ण कर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा भवन में लघु मरम्मत कार्यों के लिए भोपाल स्तर पर बजट मांग पत्र भेजने का भी निर्णय लिया गया। गेट नंबर 2 के पास आकस्मिक चिकित्सा विभाग तक सीमेंट रोड का निर्माण, गायनी विंग के निर्माण के बाद किया जाएगा। ईएमएस/मोहने/ 12 मार्च 2026