फिरोजाबाद(ईएमएस) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में इलाज के दौरान कथित लापरवाही के दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। स्वास्थ्य विभाग ने भी एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक क्लीनिक को सीज कर दिया है। झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन से युवक की मौत का आरोप पहला मामला थाना फरिहा क्षेत्र का है, जहां दांत दर्द की दवा लेने पहुंचे युवक की कथित रूप से झोलाछाप डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि दांत में तेज दर्द होने पर धर्मेन्द्र नामक युवक इलाज के लिए कथित झोलाछाप डॉक्टर के यहां पहुंचा था। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगा दिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल फिरोजाबाद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने थाना फरिहा में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम ने स्टेनो विशाल तिवारी के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजा। जांच के बाद क्लीनिक को सीज कर दिया गया। फेफड़ों में पानी भरने से युवक की मौत, अस्पताल में हंगामा दूसरी घटना थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव पड़रिया से सामने आई है। यहां एक युवक को फेफड़ों में पानी भरने की बीमारी के इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ भी कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना उत्तर के प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद होगी कार्रवाई दोनों मामलों में परिजनों ने इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस