राज्य
13-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली खाद्य आपूर्ति विभाग ने रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध व्यावसायिक उपयोग रोकने के लिए सख्त अभियान शुरू किया है। सहायक आयुक्त संजीव कुमार के निर्देश पर अब गैस एजेंसियों, गोदामों और रिफिलिंग केंद्रों की नियमित निगरानी होगी। दिल्ली में रसोई गैस (एलपीजी) की कालाबाजारी और अवैध भंडारण रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। सहायक आयुक्त (ईंधन) संजीव कुमार द्वारा गुरुवार को जारी नए सर्कुलर के अनुसार, अब घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग और अवैध जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सरकार ने एलपीजी बुकिंग और वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं सभी जिलों के सहायक आयुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीन आने वाले खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (एफएसओ) को सभी गैस एजेंसियों, गोदामों और रिफिलिंग केंद्रों की नियमित निगरानी करने के लिए तैनात करें। व्यावसायिक केंद्रों, विशेष रूप से बड़े रेस्तरां और भोजनालयों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध उपयोग की जांच के लिए अधिकारियों को बार-बार औचक निरीक्षण करने को कहा गया है। इस अभियान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को रोजाना की कार्यवाही की रिपोर्ट फ्यूल ब्रांच (मुख्यालय) को सौंपनी होगी। साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना या बड़ी अनियमितता की सूचना तत्काल एफसीएस सीनियर आफिसर्स ग्रुप में देनी होगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/मार्च/2026