क्षेत्रीय
13-Mar-2026
...


- जेवरात और नगदी ले उड़े चोर कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रविशंकर शुक्ल नगर में एक सूने मकान में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रविशंकर शुक्ल नगर निवासी ज्योति चंद्रा पंडित रविशंकर शुक्ल नगर के एमआईजी 2/113 में रहती हैं। वे अपनी बहन के घर गई हुई थीं, जिसके कारण घर बंद था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए घर का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह जब घर में काम करने वाली बाई सफाई के लिए पहुंची तो उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना ज्योति चंद्रा को दी। जिसकी जानकारी उन्होंने अपने रिश्तेदार को दी उन्होंने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी मानिकपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात व करीब 5 हजार रुपये नगद समेत लगभग 3 लाख रुपये का सामान ले गए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। 13 मार्च / मित्तल