बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के इनक्यूबेशन सेंटर में युवाओं और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टी टॉक विद कलेक्टर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इनक्यूबेशन और बिजनेसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों, कॉलेज विद्यार्थियों और स्टार्टअप फाउंडर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करना तथा प्रशासन के साथ संवाद का मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने युवाओं से सीधे संवाद करते हुए उन्हें नए विचारों के साथ आगे बढऩे और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित किया। 55 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स और छात्रों ने लिया हिस्सा कार्यक्रम में बिलासपुर के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्रों और 55 से अधिक स्टार्टअप संस्थापकों ने भाग लिया। इस दौरान युवाओं ने अपने स्टार्टअप आइडिया, तकनीकी नवाचार और उद्यमिता से जुड़े अनुभव साझा किए।युवा उद्यमियों और प्रशासन के बीच हुए संवाद में यह भी चर्चा हुई कि किस तरह नए स्टार्टअप्स के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। आइडियाथॉन के विजेताओं को मिला सम्मान कार्यक्रम के दौरान आयोजित आइडियाथॉन के विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा उद्यमी या स्टार्टअप वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में नया समाधान या तकनीक विकसित करना चाहता है, तो नगर निगम उसका स्वागत करेगा और हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। मनोज राज 13 मार्च 2026