बिलासपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के अटल बिहारी सभागार में किया। इस योजना के तहत बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के निम्नदाब उपभोक्ताओं को बिजली बिल के सरचार्ज में 100 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी। योजना 30 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगी। बीपीएल, घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को राहत योजना के तहत लंबे समय से बकाया बिजली बिल पर जुड़ा सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जा सकेगा। 31 मार्च 2023 से पहले निष्क्रिय उपभोक्ताओं के लिए बीपीएल श्रेणी में मूल राशि में 75 प्रतिशत और सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वहीं घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी। सक्रिय उपभोक्ताओं के लिए भी विशेष प्रावधान 31 मार्च 2023 तक सक्रिय उपभोक्ताओं के लिए भी योजना में राहत दी गई है। बीपीएल उपभोक्ताओं को 2018 से 2023 तक की बकाया राशि में 50 प्रतिशत तथा 2018 से पहले की राशि में 75 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। वहीं घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान पर 10 प्रतिशत, तीन किश्त में भुगतान पर 5 प्रतिशत छूट दी जाएगी, जबकि सरचार्ज पूरी तरह माफ रहेगा। बिलासपुर क्षेत्र के लाखों उपभोक्ताओं को लाभ बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ के अनुसार इस योजना से बीपीएल श्रेणी के लगभग 2.83 लाख, घरेलू श्रेणी के 2.52 लाख और कृषि श्रेणी के 56 हजार उपभोक्ता लाभान्वित हो सकते हैं। योजना के तहत पंजीयन कराने पर उपभोक्ताओं को करोड़ों रुपये तक की राहत मिलने की संभावना है। ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा योजना का लाभ लेने के लिए पात्र उपभोक्ताओं को न्यूनतम 10 प्रतिशत बकाया राशि जमा कर पंजीयन कराना होगा, जबकि बीपीएल उपभोक्ताओं का पंजीयन नि:शुल्क किया जाएगा। बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था भी शुरू की है। मनोज राज 13 मार्च 2026