बिलासपुर (ईएमएस)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन के अवसर पर स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के तत्वावधान में एक निजी होटल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला अधिकारी, समाजसेवी एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीएमएचओ सुधा गढ़ेवाल रहीं। उनके साथ समाजसेवी एवं सोशल फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रद्धा संजय दुबे, रितु शैलेश पांडे, स्मृति तिलक श्रीवास, आशा अग्रवाल, योगिता आनंद श्रीवास और डॉ. रश्मि शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि श्रद्धा संजय दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं ने समाज में लंबा और प्रेरणादायी सफर तय किया है। सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया। सीएमएचओ सुधा गढ़वाल ने कहा कि आज महिलाओं के लिए हर क्षेत्र में अवसर बढ़ रहे हैं और उन्हें नेतृत्व की भूमिका में आगे आना चाहिए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए स्वयं सिद्धा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकारों पर जागरूकता, सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा तथा बांसुरी वादन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। संस्था की अध्यक्ष चंचल सलूजा ने बताया कि फाउंडेशन लगातार महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अनेक महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन अभिलाषा झा ने किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन रितु साहू ने प्रस्तुत किया। मनोज राज 13 मार्च 2026