राज्य
13-Mar-2026


* कौशल विकास को मिलेगा नया आयाम, आईटीआई छात्रों को सोलर, विंड एनर्जी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में आधुनिक प्रशिक्षण गांधीनगर (ईएमएस)| गांधीनगर में श्रम, कौशल विकास और रोजगार मंत्री कुंवरजी बावलिया की गरिमामयी उपस्थिति में निदेशक रोजगार एवं प्रशिक्षण कार्यालय तथा अदाणी स्किल्स एंड एजुकेशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मंत्री कुंवरजी बावलिया ने कहा कि कुशल मानव संसाधन विकसित भारत की मजबूत नींव है। इस समझौते के माध्यम से राज्य के युवाओं को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि वे सफलतापूर्वक रोजगार प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि यह समझौता राज्य की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में अध्ययनरत प्रशिक्षुओं को पारंपरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और उद्योग-विशिष्ट कौशल का ज्ञान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री ने आगे कहा कि इस पहल के तहत युवाओं को सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी, पोर्ट्स एवं लॉजिस्टिक्स, और कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य की चयनित आईटीआई में अत्याधुनिक ‘स्किल लैब्स’ स्थापित की जाएंगी, जहां विद्यार्थियों को उद्योगों से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव, हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण और इंडस्ट्री एक्सपोजर मिलेगा। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनकी रोजगार संभावनाएं कई गुना बढ़ेंगी। यह समझौता प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत @2047’ और ‘स्किल इंडिया’ विजन के अनुरूप है। मंत्री ने कहा कि इस पहल से राज्य के हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और गुजरात को वैश्विक कौशल केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर श्रम, कौशल विकास और रोजगार विभाग के सचिव लोचन सहेरा, रोजगार एवं प्रशिक्षण निदेशक नीतिन सांगवान, मंत्री के निजी सचिव जे.बी. वदर सहित वरिष्ठ अधिकारी और अदाणी समूह के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सतीश/13 मार्च