-पूर्णिया-कटिहार कई करोड़ रुपए की योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास पटना,(ईएमएस)। बिहार सीएम नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ शुक्रवार को सहरसा और खगड़िया जिलों में पहुंच रही है। इससे पूर्व यात्रा के तीसरे चरण में सीएम ने पूर्णिया और कटिहार का दौरा किया। जहां उन्होंने करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं की सौगात दी। पूर्णिया में उन्होंने 321 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और 164 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि कटिहार में 410 करोड़ की कुल 433 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने अपने 20 सालों के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाईं और भविष्य का रोडमैप साझा किया। उन्होंने घोषणा की कि अगला पांच साल ‘ईज ऑफ लिविंग’ पर केंद्रित होगा, जिसके तहत जरूरतमंदों के घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे और एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंच पर एक भावुक क्षण भी देखने को मिला जब मंत्री लेसी सिंह अपने संबोधन के आखिर में रो पड़ीं। उन्होंने सीएम नीतीश को अपने परिवार का अभिभावक और रक्षक बताते हुए कहा कि कठिन समय में नीतीश कुमार उनके लिए ‘कृष्ण’ की भूमिका में ढाल बनकर खड़े रहे। लेसी सिंह ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को इस मुकाम तक पहुंचाने का श्रेय सीएम नीतीश को ही जाता है। इस भावनात्मक मोड़ ने विकास योजनाओं के इस कार्यक्रम में एक गहरा सियासी और व्यक्तिगत संदेश भी दिया है। सिराज/ईएमएस 13मार्च26