इन्दौर (ईएमएस) भगवान आदिनाथ चैत्यालय कालानी नगर में प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चैत्यालय से रथयात्रा निकाली गई। मीडिया प्रभारी रेखा संजय जैन और सूत्रधार उषा पाटनी के अनुसार रजत रथ पर विराजित भगवान आदिनाथ की रथयात्रा जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ कालानीनगर के विभिन्न मार्गों से निकली, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत किया। मार्ग में आकर्षक रंगोलियों से सजावट की गई थी। रथयात्रा में मुनि सिद्धांतसागर ससंघ तथा आर्यिका यशस्विनी माता ससंघ भी शामिल हुए। शोभायात्रा का समापन श्री आदिनाथ चैत्यालय में ही हुआ। कालानीनगर स्थित त्रिमूर्ति दिगंबर जैन मंदिर पर मुनिराजों का पाद प्रक्षालन किया गया। वहीं रथयात्रा पश्चात आयोजित धर्मसभा में मुनि सुबुद्धसागर, मुनि सिद्धांतसागर, आर्यिका यशस्विनी माता तथा आर्यिका ज्ञेयश्री माता ने भगवान आदिनाथ के जन्म एवं तप कल्याणक का महत्व बताते हुए धर्म, संयम और तप के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में सामाजिक संसद के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, नवीन गोधा, विपिन गंगवाल, कैलाश वेद सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।