क्षेत्रीय
13-Mar-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)पवित्र महीने रमजान के आखिरी शुक्रवार यानी अलविदा जुमे की नमाज जनपद फिरोजाबाद में गहरी आस्था और अकीदत के साथ अदा की गई। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्थित मस्जिदों में बड़ी संख्या में रोजेदार नमाज के लिए पहुंचे। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की, कौम की बेहतरी और समाज में अमन-चैन, भाईचारे और मोहब्बत कायम रहने की दुआएं मांगी गईं। सुबह से ही मुस्लिम समाज के बुजुर्ग, नौजवान, बच्चे और रोजेदार अलविदा जुमे की तैयारी में जुटे रहे। वहीं घरों में महिलाओं और युवतियों ने भी नमाज अदा की। नगर की मस्जिदों में दोपहर करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे तक अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद, शाही मस्जिद, आगा साहब मस्जिद, मेवा फरोशान मस्जिद सहित जनपद की सभी मस्जिदों में नमाज शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुई। नमाज के बाद मस्जिदों और घरों में देश की तरक्की, समाज में प्रेम और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं की गईं। प्रशासन रहा सतर्क, व्यवस्थाओं पर रखी नजर त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय रही। जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में सुबह से ही सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहें और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत डायल 112, चौकी या थाने से संपर्क करें। साथ ही अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट न करने की सलाह भी दी। अधिकारियों ने किया क्षेत्र का भ्रमण नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी, एलआईयू प्रभारी प्रेमपाल सिंह तथा सभी थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद रहे। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में मस्जिदों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। प्रमुख मस्जिदों में इन इमामों ने कराई नमाज शहर की प्रमुख मस्जिदों में अलग-अलग इमामों ने नमाज अदा कराई। जामा मस्जिद में असद अलीम शमसी, शेख लतीफ मस्जिद में तनवीर अहमद कासमी, प्राचीन शाही मस्जिद में मोहम्मद आरिफ, मेवा फरोशान मस्जिद में मौलाना शफी अहमद कासमी, आगा शाह मस्जिद में मौलाना फारूक अहमद, कादरी मस्जिद में हाफिज रफीउद्दीन कादरी, आयशा मस्जिद में आलम मुस्तफा याकूबी, खजूरी मस्जिद में मुफ्ती कासिम रज़ी सहित अन्य मस्जिदों में भी इमामों ने नमाज अदा कराई। करबला कमेटी ने प्रशासन का जताया आभार करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने बताया कि अलविदा जुमे की नमाज पूरे जिले में सुकून और शांति के माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि इस्लाम का पैगाम मोहब्बत और इंसानियत का है, इसलिए सभी को आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ रहना चाहिए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विद्युत विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। चांद के दीदार पर निर्भर करेगी ईद हिकमत उल्ला खान ने बताया कि ईद उल फितर का त्योहार चांद के दीदार पर निर्भर करेगा। संभव है कि 20 या 21 मार्च को ईद मनाई जाए। धर्म गुरुओं ने एहतियात के तौर पर इस जुमे को ही अलविदा जुमे के रूप में नमाज अदा करने का ऐलान किया है। यदि चांद की तारीख में बदलाव होता है तो 20 मार्च को जुमा और चांद रात एक साथ भी हो सकती है। कुल मिलाकर पूरे जनपद में अलविदा जुमे की नमाज शांति, भाईचारे और धार्मिक आस्था के माहौल में संपन्न हुई तथा लोगों ने देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। ईएमएस