राज्य
13-Mar-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ऐतिहासिक ‘समृद्धि यात्रा’ विकास के विजन को धरातल पर उतारने के साथ-साथ स्वर्णिम बिहार के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी। मुख्यमंत्री द्वारा जिलावार जनता के बीच जाकर उनकी आवश्यकताओं से अवगत होना और उनकी समस्याओं से सीधे रूबरू होना जनसेवा आधारित संवेदनशील राजनीति का सशक्त एवं उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री प्रत्येक जिले में जाकर विकास योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं तथा उनकी अद्यतन स्थिति का जायजा ले रहे हैं। साथ ही वे सभी जिलों को नई-नई विकास सौगातें भी दे रहे हैं। यह दर्शाता है कि वे बिहार को देश के टाॅप-10 विकसित राज्यों में शामिल करने की दिशा में किस समर्पण, निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। श्री कुशवाहा ने बताया कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार ने पहली बार ‘न्याय यात्रा’ के माध्यम से जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझने का कार्य किया था। वर्ष 2005 से 2026 के बीच वे अब तक 15 राज्यव्यापी यात्राएँ कर चुके हैं और ‘समृद्धि यात्रा’ के रूप में उनकी 16वीं यात्रा जारी है। यात्राओं की यह लंबी फेहरिस्त उनके जनकेंद्रित राजनीतिक दृष्टिकोण की स्पष्ट गवाही देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में बिहार का हित हमेशा सर्वोपरि रहा है। यही कारण है कि देश-दुनिया उन्हें ‘विकास पुरुष’, ‘सुशासन बाबू’ और ‘नव बिहार के शिल्पकार’ जैसे विशेषणों से संबोधित करती रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की राजनीति में संभवतः यह एक अनोखा उदाहरण है कि कोई मुख्यमंत्री 16 बार सफल राज्यव्यापी यात्राएँ कर चुके हों। यही वजह है कि मुख्यमंत्री की विकास योजनाओं का लाभ बिहार के सुदूर गाँवों और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है। इससे आम लोगों का जीवन अधिक सुविधापूर्ण हुआ है और सूबे के विकास को नई दिशा और गति मिली है। संतोष झा- १३ मार्च/२०२६/ईएमएस