राज्य
13-Mar-2026


कानपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में कल्याणपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में वन विभाग की वर्दी पहनकर गांजा बेचने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.035 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ष्सूखा नशाष् के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त पश्चिम, पुलिस उपायुक्त अपराध और अन्य अधिकारियों के निर्देशन में कल्याणपुर पुलिस व अपराध शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बीती देर रात आरोपी मधुकर भदौरिया उर्फ शनि उर्फ विकास उर्फ धर्मेंद्र सिंह भदौरिया निवासी के-136 केशवपुरम आवास विकास-1 थाना रावतपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को धारासरोही नहर पुल से करीब 300 मीटर दूर प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैटों के पास से पकड़ा गया। उसके पास से 2.035 किलोग्राम अवैध गांजा तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और अन्य अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। जितेन्द्र 13 मार्च 2026