राज्य
13-Mar-2026


अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देशभर के कवि करेंगे काव्यपाठ भोपाल (ईएमएस) । रंगों के पावन पर्व होली एवं रंगपंचमी के उल्लासपूर्ण अवसर पर राजधानी में साहित्य और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्री हिंदू उत्सव समिति भोपाल के तत्वावधान में 14 मार्च को माँ भवानी चौक प्रांगण में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि होली और रंगपंचमी केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और साहित्यिक अभिव्यक्ति का भी उत्सव है। इसी भाव को साकार करने के लिए इस विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वीर रस, हास्य और व्यंग्य की विविध छटाएँ मंच से झरेंगी। कवि सम्मेलन का संचालन सुप्रसिद्ध सबरस कवि शशिकांत यादव शशिÓ (देवास) करेंगे। मंच पर अपने ओजस्वी काव्यपाठ से श्रोताओं को रोमांचित करने हेतु कविता तिवारी (लखनऊ), राम भदावर (जयपुर) और सूर्यकांत चतुर्वेदी (भोपाल) वीर रस की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ देंगे। वहीं हास्य और व्यंग्य के रंग घोलने के लिए दिनेश देसी घीÓ (शाजापुर), मुन्ना बैट्री (मंदसौर) और अमित शुक्ला (प्रयागराज) अपनी विशिष्ट शैली से दर्शकों को हँसी के फव्वारों से सराबोर करेंगे। तिवारी ने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम के संयोजक हिंदू उत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी होंगे, जो आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व संभालेंगे। यह भव्य कवि सम्मेलन 14 मार्च को रात्रि 8:00 बजे से प्रारंभ होगा तथा बैठक व्यवस्था प्रथम आएँ - प्रथम पाएँÓ के आधार पर रहेगी। आशीष पाराशर/13मार्च2026