ऑटो चालकों तथा गरीब परिवारों के लिए अतिरिक्त फंड की मांग की जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में देशभर में जारी एलपीजी संकट को लेकर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने राज्य की भजनलाल सरकार पर निशाना साधकर कहा कि शहर में गैस सिलेंडर के साथ-साथ बीजेपी नेता भी गायब हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर विरोध जताया और ऑटो चालकों तथा गरीब परिवारों के लिए भजनलाल सरकार से अतिरिक्त फंड की मांग की। बात दें कि देशभर में एलपीजी सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर जनता में नाराजगी बढ़ रही है। जयपुर सहित राजस्थान के कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। इस लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया। जयपुर के चांदपोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। इसके बाद नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के पुतले दहन कर प्रदर्शन और सांकेतिक विरोध किया। इस दौरान उन्होंने चूल्हे में खाना पकाकर आम जनता की मुश्किलों पर ध्यान आकर्षित किया। कांग्रेस नेता खाचरियावास ने कहा कि जनता को भाजपा को सत्ता में लाने का “इनाम” घरों की रसोई से सिलेंडर की कमी और नेताओं की गैरमौजूदगी के रूप में मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर पहले महंगे किए और अब केरोसिन देने की बात की जा रही है, लेकिन जनता तक राहत नहीं पहुंच रही। कांग्रेस नेता खाचरियावास ने बताया कि जयपुर में 10 हजार से अधिक ऑटो रिक्शा बंद हो गए हैं और सरकार को ऑटो चालकों तथा गरीब परिवारों के लिए आर्थिक सहायता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल गैस ही नहीं, बल्कि हवाई किराए भी बढ़ गए हैं, इसलिए सरकार को टैक्स में राहत देने की जरूरत है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि सरकार एलपीजी संकट से निपटने में पूरी तरह असफल रही है। बुकिंग नंबर लगातार व्यस्त रहते हैं और मजबूरी में लोग लंबी कतारों में खड़े हैं। इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री खाचरियावास, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, विधायक अमीन कागजी और रफीक खान सहित कई कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए। आशीष दुबे / 13 मार्च 2026