राष्ट्रीय
13-Mar-2026


बदायूं,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के बदायूं जिले के सैंजनी गांव में 12 मार्च दोपहर हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के सीबीजी प्लांट में डबल मर्डर की चौंकाने वाली घटना हुई। प्लांट के डिप्टी जनरल मैनेजर सुधीर गुप्ता और असिस्टेंट सेल्स मैनेजर हर्षित मिश्रा कार्यालय में मौजूद थे, तभी पूर्व कर्मचारी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू अपने साथियों के साथ बोलेरो गाड़ी में प्लांट में घुस आया। आरोपी ने अधिकारियों से विवाद किया और विरोध करने पर ताबड़‌तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में दोनों अधिकारियों की गोली लगाने से घटनास्थल पर ही मौत हो गर्इ। पुलिस जांच के अनुसार, सिंह को करीब तीन महीने पहले नौकरी से निकाले जाने के बाद अफसरों से विवाद चल रहा था। आरोपी ने पहले भी अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी थी और मामले की सुनवाई अदालत में चल रही थी। खतरे की आशंका को देखकर अधिकारियों ने पहले ही पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। वहीं हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया और अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार करने के दौरान मुठभेड़ हुई। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पैरों में गोली लगाई। इस दौरान सिपाही ओमबीर सिंह भी घायल हुए। आरोपी को हथियार बरामद करने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी यह मुठभेड़ हुई। घटना के बाद मौके पर डीएम अवनीश राय, एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह और बरेली रेंज के डीआईजी पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी की नौकरी से निकाले जाने और अफसरों के साथ विवाद ही इस खूनी घटना का मुख्य कारण था। यह घटना न केवल एचपीसीएल प्लांट के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आशीष दुबे / 13 मार्च 2026