:: स्नेह नगर स्थित अग्रसेन भवन में सजेगा उत्सव, लकी ड्रा और मिसेस गणगौर स्पर्धा आकर्षण का केंद्र :: इंदौर (ईएमएस)। गणगौर के पावन पर्व पर महिलाओं की सृजनात्मकता और उत्साह को मंच देने के लिए अग्र चेतना महिला संगठन द्वारा 17 मार्च को स्नेह नगर स्थित अग्रसेन भवन में एक भव्य गणगौर मेले का आयोजन किया जा रहा है। संगठन की संस्थापक श्रीमती कांता ओम अग्रवाल, अध्यक्ष श्रीमती शशि एरन एवं सचिव कविता गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले की शुरुआत दोपहर 4 बजे से होगी। कार्यक्रम में कई मनोरंजक स्पर्धाएं आयोजित की गई हैं, जिनमें शाम 4 बजे से म्यूजिकल तम्बोला, 5 बजे से इसर गणगौर सज्जा, शाम 7.30 बजे दूल्हा-दुल्हन स्पर्धा और रात 8 बजे से मुख्य आकर्षण मिसेस गणगौर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। आयोजन को और भी खास बनाने के लिए मेले में विभिन्न उपयोगी वस्तुओं के स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे। संगठन ने समय की पाबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। जो महिलाएं शाम 4 बजे से 4.15 बजे के बीच आयोजन स्थल पर पहुँचेंगी, उन्हें लकी ड्रा के माध्यम से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक अरविन्द बागड़ी, राजेश कुंजीलाल गोयल एवं ओमप्रकाश एरन ने बताया कि इस मेले में वरिष्ठ समाजसेवी महेश मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही, शैलेष गर्ग, अरविंद वेल्यूअर, गौरव अग्रवाल, दिनेश प्रिंस पचौर, पूर्व पार्षद शोभा गर्ग एवं इंदिरा सिंघल विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। विभिन्न स्पर्धाओं के प्रबंधन की जिम्मेदारी श्रीमती परिधि कंसल, मंजू गोयल, रमा अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल एवं श्रीमती प्रिया अग्रवाल को सौंपी गई है। मेले में स्टाल लगाने अथवा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी शशि एरन (79873-67279), नेहा अग्रवाल (96858-10006) और नेहा एरन (70006-40025) से संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों ने इंदौर के समस्त वैश्य बंधुओं से इस भव्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है। प्रकाश/13 मार्च 2026