:: वरुण विक्ट्री परिसर में स्वास्थ्य जांच के बाद समाज बंधु मनाएंगे गणगौर उत्सव :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल समाज हाईवे क्षेत्र, पालदा के अंतर्गत आने वाली 30 से अधिक कॉलोनियों के लिए 15 मार्च, रविवार को एक विशेष निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर हाईवे क्षेत्र स्थित वरुण विक्ट्री परिसर में आयोजित होगा। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष अरविन्द बागड़ी एवं समाजसेवी विजय मन्नालाल गोयल ने बताया कि शिविर में निहार नेत्रालय की टीम अपनी सेवाएं देगी। नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ. महेश गर्ग, डॉ. दीपाली फौजदार, डॉ. सिराली गोखरू, डॉ. रिशिका मूथा एवं डॉ. नितांषा यादव सहित विशेषज्ञों की टीम शिविर में आंखों की व्यापक जांच करेगी। साथ ही चश्मे के नंबर की जांच, निशुल्क चश्मा वितरण और मोतियाबिंद की जांच सहित नेत्र रोग से जुड़े मामलों में निशुल्क परामर्श भी प्रदान किया जाएगा। इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने के लिए मनीष अग्रवाल मन्नू, सतीश गोयल हरसूद, विक्की मित्तल, आशीष अग्रवाल, सुनील गुप्ता, पवन गोयल, शशि एरन, निधि बागड़ी एवं शीतल तोडीवाला को प्रभारी बनाया गया है। साथ ही, राजेश इंजीनियर, अभिषेक मित्तल एवं विनोद अग्रवाल आयोजन की व्यवस्थाओं का मार्गदर्शन करेंगे। स्वास्थ्य शिविर के समापन के पश्चात सभी अग्रवाल वैश्य बंधु एकजुट होकर उत्साह के साथ गणगौर पर्व भी मनाएंगे। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त समाज बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ लें और गणगौर उत्सव में शामिल होकर सामाजिक समरसता को बढ़ावा दें। प्रकाश/13 मार्च 2026