- मटका फोड़कर किया विरोध रायपुर(ईएमएस)। राजधानी में लगातार गहराती पानी की समस्या को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने लाखेनगर स्थित नगर निगम जोन-5 कार्यालय का घेराव किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक जोन कार्यालय के सामने धरने पर बैठे रहे। करण नगर, परमेश्वरी और चांगोरभाठा सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों के समर्थन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लगभग पांच घंटे तक चले धरने के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन की उदासीनता के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने जोन कार्यालय परिसर में मटका फोड़कर विरोध दर्ज कराया और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जोन कमिश्नर के कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र में व्याप्त पानी की गंभीर समस्या को विस्तार से रखा। इस दौरान श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि नगर निगम में भाजपा की महापौर होने के बावजूद उनके ही वार्ड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब राजधानी की महापौर मीनल चौबे के वार्ड में ही पानी की समस्या बनी हुई है, तो शहर के अन्य वार्डों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। मेनन ने यह भी आरोप लगाया कि देवेंद्रनगर में बंद पड़ी दुकानों को खुलवाने के लिए महापौर बैठक लेती हैं, जबकि शहर की सबसे बड़ी समस्या पानी को लेकर नगर निगम प्रशासन और महापौर गंभीर नहीं हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो शहर जिला कांग्रेस कमेटी नगर निगम के खिलाफ और उग्र आंदोलन करेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026