क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला डॉक्टर अस्पताल परिसर में मृत पाई गई। महिला डॉक्टर मुंबई सेंट्रल के जगजीवन राम अस्पताल में काम करती थी। उसकी लाश अस्पताल के एक कमरे में फर्श पर पड़ी मिली। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक डॉक्टर का नाम डॉ. अनुजा कुलकर्णी है। वह कान, नाक और गले की स्पेशलिस्ट थीं। वह पश्चिम रेलवे के जगजीवन राम अस्पताल में काम करती थीं। वह अस्पताल की चौथी मंजिल पर बने क्वार्टर में रहती थीं। डॉ. कुलकर्णी का एक ऑपरेशन के लिए अपॉइंटमेंट था। हालांकि, वह तय समय पर ऑपरेशन थिएटर में नहीं आईं। इसलिए, उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई। कुलकर्णी के कॉल का कोई जवाब नहीं मिलने पर, अस्पताल में उनके साथी डॉक्टर चौथी मंजिल पर उनके कमरे में पहुंचे। जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला गया, अनुजा कुलकर्णी की लाश संदिग्ध हालत में फर्श पर पड़ी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जे.जे. अस्पताल भेज दिया। मौत से पहले कुलकर्णी के साथ क्या हुआ था? उनकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है। इसके लिए सीसीरीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। बहरहाल सरकारी अस्पताल परिसर में एक महिला डॉक्टर का शव मिलने से हड़कंप मचा है। स्वेता/संतोष झा- १४ मार्च/२०२६/ईएमएस