राज्य
14-Mar-2026
...


- पश्चिम एशिया तनाव का असर, लंबी कतारें और कालाबाजारी की शिकायतें, प्रशासन का दावा—स्टॉक पर्याप्त रायपुर(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का सीधा असर अब भारत की रसोई तक पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी महसूस की जा रही है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, सरगुजा और रायगढ़ जैसे प्रमुख जिलों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। तेज धूप में लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं, जबकि कई जगहों पर सर्वर क्रैश होने से ऑनलाइन बुकिंग भी प्रभावित हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गैस कंपनियों ने ऑनलाइन बुकिंग और मिस्ड कॉल सुविधा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। पहले से बुक किए गए सिलेंडर की डिलीवरी में 10 से 12 दिन तक का विलंब बताया जा रहा है। कुछ इलाकों में कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिसके खिलाफ प्रशासन ने छापेमारी शुरू कर दी है। प्रशासन और गैस कंपनियों का दावा है कि घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई व्यवस्था जल्द सामान्य हो जाएगी। राज्य सरकार ने रोजाना आपूर्ति की समीक्षा शुरू कर दी है तथा अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। हालांकि, ग्राउंड लेवल पर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है, खासकर कमर्शियल उपयोगकर्ताओं जैसे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए, जहां सिलेंडर नहीं मिलने से कई जगह काम प्रभावित हो रहा है। यह संकट मुख्य रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाली शिपिंग लेन में व्यवधान के कारण है, जहां से भारत को अधिकांश एलपीजी आयात होती है। केंद्र सरकार ने घरेलू उपयोग को प्राथमिकता देते हुए रिफाइनरियों से उत्पादन बढ़ाने और इंडस्ट्री को सप्लाई कम करने के निर्देश दिए हैं। छत्तीसगढ़ में भी कालाबाजारी रोकने के लिए 741 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026