क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले के भटगांव में स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीण शुक्रवार को कलेक्टोरेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान की वजह से गांव का माहौल खराब हो रहा है और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। भटगांव के सरपंच फागूराम साहू, रुद्री की सरपंच लक्ष्मी बया और बेन्द्रावागांव के सरपंच प्रसुन्न शुक्ला ने बताया कि जिस स्थान पर शराब दुकान संचालित हो रही है, उसके 400 मीटर के दायरे में आईटीआई, स्कूल और अस्पताल भवन स्थित हैं। ग्रामीणों के अनुसार शराब दुकान के आसपास शराबियों की भीड़ लगी रहती है, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है। कई बार लोगों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतें भी सामने आती हैं। शराब पीने के बाद लोग सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि गांव में छोटे बच्चों और युवाओं में भी शराब की लत बढ़ती जा रही है। सामाजिक अपराध और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए उन्होंने शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि नए सत्र में यहां से शराब दुकान नहीं हटाई गई, तो भटगांव, रुद्री, बेन्द्रावागांव और नवागांव के ग्रामीण मिलकर आंदोलन करेंगे।