कांकेर(ईएमएस)। जिले में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर शिवसेना की जिला इकाई ने पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा को ज्ञापन सौंपा। शिवसेना प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने कहा कि जिले में सट्टा, जुआ, गांजा, चरस और अवैध शराब का धंधा तेजी से फल-फूल रहा है। इन गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर शिवसेना द्वारा पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों के कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो रही है और युवाओं पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। अवैध शराब और नशे के कारण युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर बढ़ रही है, जिससे आपराधिक गतिविधियों में भी वृद्धि हो रही है। दुबे ने कहा कि शिवसेना का उद्देश्य पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर एक सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण करना है। इसके लिए जिले के विभिन्न गांवों में चल रही अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही गांजा और चरस की बिक्री करने वालों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तत्काल कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से संचालित सट्टा और जुआ पर भी सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। शिवसेना ने पुलिस अधीक्षक से अविलंब छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।