क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


भोजपुर, (ईएमएस)। बिहार के भोजपुर जिले के आरा-अरवल मार्ग पर पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में एक जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा जवान गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी 26 वर्षीय चंद्र मोहन सिंह के रूप में हुई है। वह होमगार्ड जवान के पद पर कार्यरत था और सहार थाना में तैनात था। जबकि घायल जवान की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय मोहन सिंह के रूप में हुई है। वह भी सहार थाना में ही अपनी सेवा दे रहे थे। जानकारी के अनुसार दोनों होमगार्ड जवान विभागीय काम से सहार थाना से बाइक पर सवार होकर आरा सिविल कोर्ट के पास स्थित होमगार्ड मुख्यालय जा रहे थे। इसी दौरान पवना बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों जवान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हालांकि परिजनों ने उन्हें पटना ले जाने के बजाय आरा के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान चंद्र मोहन सिंह ने दम तोड़ दिया। उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। टाउन थाना पुलिस ने मृतक जवान के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक का पता लगाया जा सके। संतोष झा- १४ मार्च/२०२६/ईएमएस