क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। शहर के सिविल लाइन से पंडरीपानी जाने वाले मार्ग पर कई जगह मवेशियों का जमावड़ा लगने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर मवेशियों के झुंड के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय होती है, जब सड़क के कई हिस्सों में अंधेरा रहता है। ऐसे में वाहन चालकों को अचानक सड़क पर बैठे मवेशियों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे कई बार वाहन उनसे टकरा जाते हैं। इससे वाहन चालक घायल हो जाते हैं और मवेशियों को भी चोट लगती है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में इस मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य भी चल रहा है, जिससे रास्ता पहले से ही संकरा हो गया है। ऐसे में सड़क पर मवेशियों के झुंड रहने से राहगीरों में दुर्घटना का डर बना रहता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगरपालिका कांकेर और संबंधित ग्राम पंचायत को ध्यान देना चाहिए, ताकि सड़क पर मवेशियों के जमावड़े को हटाकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जा सके।