क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। नगर निगम धमतरी ने वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में टैक्स वसूली तेज करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर के सभी 40 वार्डों में बकायादारों की सूची तैयार कर उन्हें बिल और नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसी कार्रवाई के तहत शहर में 6 दुकानों को सील किया गया। निगम प्रशासन के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में कुल 12.50 करोड़ रुपये टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक करीब 8 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हो चुकी है। शेष बकाया राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बड़े बकायादारों के नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी दोबारा शुरू की गई है। इसके अलावा ऐसे 24 किरायेदारों की सूची भी तैयार की गई है, जिन्होंने लंबे समय से दुकानों का किराया जमा नहीं किया है। निगम कमिश्नर प्रिया गोयल ने बताया कि बकाया भुगतान के लिए पहले कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन भुगतान नहीं करने वाले करदाताओं पर अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं डिप्टी कमिश्नर पीसी सार्वा ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बड़े बकायादारों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर नल कनेक्शन काटने और दुकानों को सील करने जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम के दल क्रमांक-3 के प्रभारी मोहम्मद शेर खान के अनुसार 13 मार्च को नया बस स्टैंड क्षेत्र में एक दुकान, एफसीआई गोदाम क्षेत्र में एक दुकान और इतवारी बाजार क्षेत्र में चार दुकानों को सील किया गया। इन दुकानों पर कुल 1 लाख 73 हजार रुपये का बकाया था। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026