- धार्मिक स्थल के बाहर हुड़दंग और गाली-गलौज, शोपीस बनी पुलिस चौकी पर उठे सवाल गुना (ईएमएस)। शहर के संवेदनशील कर्नलगंज क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे का दुस्साहस किया। गत वर्ष हनुमान जयंती पर हुए बवाल की कड़वी यादें अभी ताजा ही थीं कि आधा दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों पर सवार हुड़दंगियों ने एक धार्मिक स्थल के बाहर जमकर उत्पात मचाया। इस घटना ने न केवल स्थानीय रहवासियों में खौफ पैदा कर दिया है, बल्कि पुलिस की सक्रियता और विशेष रूप से कर्नलगंज पुलिस चौकी की उपयोगिता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गली-गली दौड़ीं पुलिस की गाडिय़ाँ, सीएसपी ने संभाला मोर्चा जानकारी के अनुसार, हुड़दंगी शिवाजी नगर से नारेबाजी करते हुए निकले और कर्नलगंज डाकघर वाली गली में स्थित धार्मिक स्थल के सामने रुककर अभद्र नारेबाजी और गाली-गलौज करने लगे। अचानक हुए इस उपद्रव से क्षेत्र में तनाव फैल गया और विशेष समुदाय के लोग लामबंद होने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी प्रियंका मिश्रा तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचीं। पुलिस के सायरन गूंजने से हुड़दंगी तो भाग निकले, लेकिन तनाव बरकरार था। सीएसपी ने धार्मिक स्थल के भीतर समाज के वरिष्ठ जनों के साथ बंद कमरे में चर्चा की और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। बंद पुलिस चौकी ने बढ़ाए अपराधियों के हौसले इस पूरी घटना का सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि हुड़दंगी बेखौफ होकर कर्नलगंज पुलिस चौकी के सामने से ही नारेबाजी करते हुए निकले, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कर्नलगंज पुलिस चौकी अक्सर बंद ही रहती है, जिसके कारण यह असामाजिक तत्वों और अपराधियों का सुरक्षित गलियारा बन गई है। यदि यह चौकी सक्रिय होती, तो हुड़दंगियों को मौके पर ही दबोचा जा सकता था। पुलिस प्रशासन की इस लापरवाही ने अपराधियों के हौसले बुलंद कर रखे हैं। भाजपा पार्षद के निवास पर पुलिस की दबिश मामले में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक भाजपा पार्षद के निवास पर दबिश दी और वहाँ मौजूद लोगों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। चर्चा है कि हुड़दंग करने वाले युवक पार्षद के परिवार से ताल्लुक रखते हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी का नाम स्पष्ट रूप से उजागर नहीं किया है। पार्षद के घर पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान भी काफी गहमागहमी और तनाव की स्थिति बनी रही। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है। इस मामले में फरियादी कासिम खान द्वारा कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच की है। नमाज के समय कुछ युवक तेज रफ्तार बाइकें चलाते हुए मस्जिद की गली से निकल रहे थे। जब वहां मौजूद लोगों ने उन्हें किसी को चोट लगने की आशंका जताते हुए धीरे चलने के लिए टोका, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए। आरोप है कि हुड़दंगियों ने न केवल मां-बहन की अश्लील गालियां दीं, बल्कि विशेष समुदाय को लक्षित करते हुए अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इस कृत्य से समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी यह शर्मनाक हरकत मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात युवकों के विरुद्ध धारा 296(ए) और धारा 196(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि सांप्रदायिक सद्भाव बिगाडऩे वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। शहर की फिजा बिगाडऩे की यह कोशिश तब हुई जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरिादित्य सिंधिया तीन दिवसीय दौरे पर क्षेत्र में हैं।-सीताराम नाटानी