वाराणसी (ईएमएस)। उत्तप्रदेश के वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित नेशनल हाईवे-19 पर एक सड़क दुर्घटना में काशी के राजा डॉ.अनंत नारायण सिंह की कार ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई। गनीमत रही कि हादसे में काशी नरेश अनंत सिंह, उनके परिवार के सदस्य और सुरक्षा कर्मी सुरक्षित बच गए। बात दें कि काशी नरेश अपने रामनगर स्थित आवास किले से परिवार और सुरक्षा कर्मियों के साथ कार से प्रयागराज जा रहे थे। तभी मिर्जामुराद के समीप नेशनल हाईवे-19 पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के समय कार में सवार काशी नरेश सिंह और उनके परिवार के लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हाईवे पर यातायात को व्यवस्थित कराया। इधर जब राहगीरों को अन्य स्थानीय लोगों को पता लगा कि काशी नरेश की कर दुर्घटना का शिकार हो गई है, तब उन्हें देखने के लिए भीड़ जुटने लगी। आशीष दुबे / 14 मार्च 2026