क्षेत्रीय
15-Mar-2026
...


- ट्रांसपोर्ट नगर की शिफ्टिंग के लिए कठोर फैसले लेने के निर्देश, बमोरी-म्याना बनेंगे नगर पंचायत गुना (ईएमएस)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की उच्च स्तरीय बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विकास की सुस्त रफ्तार पर न केवल मंथन हुआ, बल्कि भविष्य के बड़े बदलावों की रूपरेखा भी तय की गई। ट्रांसपोर्ट नगर और नगर पंचायत पर बड़ा फैसला बैठक के दौरान बहुप्रतीक्षित ट्रांसपोर्ट नगर के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रांसपोर्ट नगर की शिफ्टिंग में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा, ट्रांसपोर्ट नगर की शिफ्टिंग अनिवार्य है। यदि इसके लिए कुछ कड़े और चुनौतीपूर्ण निर्णय भी लेने पड़ें, तो प्रशासन पीछे न हटे। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के शहरीकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए बमोरी और म्याना को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने की बात कही। विकास परियोजनाओं की बारीकी से समीक्षा बैठक में सिंध वाटर स्कीम, लोक निर्माण विभाग की सड़कों, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दोनों रेलवे ओवरब्रिज की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा लिया गया। सिंधिया ने गुना जिला अस्पताल के विस्तार और सीएम राइज विद्यालयों के निर्माण कार्य को समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। तात्या टोपे विश्वविद्यालय के विकास को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर पालिका विवाद पर बोले सिंधिया नगर पालिका पार्षदों के बीच चल रहे अंदरूनी गतिरोध पर पूछे गए सवाल के जवाब में सिंधिया ने सहजता से कहा कि फिलहाल उनके संज्ञान में यह मामला विस्तृत रूप से नहीं है। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि वे सभी पक्षों से चर्चा कर आपसी मतभेदों को सुलझा लेंगे। पूरी बैठक के दौरान सिंधिया का ध्यान परियोजनाओं की गुणवत्ता और जनता को मिलने वाले सीधे लाभ पर केंद्रित रहा। - सीताराम नाटानी