चीन ने कहा- सैन्य संघर्ष बढ़ने से पूरे क्षेत्र को नुकसान उठाना पड़ेगा बीजिंग,(ईएमएस)। चीन ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से कहा है कि वह लड़ाई की तरफ जाने की बजाय बातचीत का रास्ता चुनें। सैन्य संघर्ष बढ़ने से पूरे क्षेत्र को नुकसान उठाना पड़ेगा। चीन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों पक्षों में संघर्ष तेज हो गया है। अफगानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कुनार और नंगरहार प्रांतों में बॉर्डर पर पाकिस्तान की सैन्य चौकी को तबाह करते हुए 14 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी से फोन पर बात की थी। चीनी विदेश मंत्रालय के बयान में बताया कि वांग ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच के विवादों को सैन्य ताकत के बजाय बातचीत और परामर्श के जरिए सुलझाने पर जोर दिया है। चीन ने शांति के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाने की भी बात कही है। बयान में कहा गया है कि वांग ने दोनों पक्षों से संयम बरतने, जल्द से जल्द आमने-सामने बातचीत करने, तत्काल युद्धविराम करने और मतभेदों को सुलझाने का आग्रह किया है। वांग ने कहा कि बल का और अधिक इस्तेमाल करने से स्थिति बहुत ज्यादा जटिल हो जाएगी और क्षेत्र में तनाव बढ़ेगा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बीते साल अक्टूबर से सैन्य झड़पें और तनाव देखने को मिल रहा है। चीन ने लगातार सैन्य संघर्ष रोकने और तनाव कम करने के लिए बयान दिए हैं। बीते हफ्ते चीनी राष्ट्रपति शी जिनिपिंग के विशेष दूत यू शियाओयोंग ने काबुल में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री से मुलाकात भी की थी। हालिया दिनों में ये सामने आया है कि चीनी अधिकारी काबुल और इस्लामाबाद दोनों के संपर्क में है। काबुल ने हाल ही में कहा था कि बीजिंग दोनों पक्षों के बीच तनाव कम करने में मदद के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है। बीजिंग ने दोनों पड़ोसियों से साफतौर पर कहा है कि विवाद डिप्लोमैटिक तरीकों से सुलझाया जाना चाहिए। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्ते बीते साल से ही खराब स्थिति में हैं लेकिन हालिया दिनों में चीजें और ज्यादा खराब हो गई हैं। खासतौर से बीते दो हफ्तों में सीमा पर दोनों ओर से भीषण गोलीबारी हुई। पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले भी किए हैं। इससे दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई। सिराज/ईएमएस 15मार्च26 -------------------------------