अंतर्राष्ट्रीय
15-Mar-2026


रूस ने पुरानी दोस्ती का नहीं किया लिहाज, तेल पर भारी छूट देना किया बंद मॉस्को,(ईएमएस)। ईरान में युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का रास्ता बंद होने से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं। इससे दुनिया के बड़े हिस्से में उर्जा संकट पैदा हो गया है। भारत को भी अपनी उर्जा जरूरतों को पूरा करने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। खाड़ी देशों से सप्लाई में रुकावट के बाद भारत ने कच्चे तेल के लिए रूस का रुख किया। हालांकि रूस ने इस बार पुरानी दोस्ती का लिहाज नहीं किया। रूस पूर्व में भारत को तेल पर भारी छूट देता रहा है लेकिन संकट की घड़ी में वह जमकर वसूली कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के ऊर्जा संसाधन मामलों के पूर्व असिस्टेंट सेक्रेटरी ने बताया है कि भारत को रूस से कुछ हफ्ते पहले के मुकाबले तकरीबन दोगुनी कीमत पर तेल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध के बाद भारत ने रूस से तेल के लिए संपर्क किया तो उन्होंने साफ कह दिया कि अब आपको जरूरत है और हम कोई छूट नहीं देंगे बल्कि प्रीमियम प्राइज लेंगे। एनर्जी एक्सपर्ट ने कहा कि रूस की व्लादिमीर पुतिन की सरकार कुछ हफ्ते पहले तक 50 डॉलर प्रति बैरल की दर से तेल बेच रही थी। बीते दिनों के पश्चिमी एशिया के घटनाक्रम ने रूस का रवैया बदल दिया है। वह पुरानी दोस्ती भुलाकर अब भारत से कह रहा है कि वह कोई छूट नहीं देगा। भारत को रूसी तेल की सख्त जरूरत है तो प्रीमियम प्राइज देना होगा। इसलिए भारत अब 90 प्रति बैरल की दर पर तेल खरीद रहा है। भारतीय एक्सपर्ट सुशांत सरीन ने रूस से महंगा तेल मिलने पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि रूस के ज्यादा कीमत पर तेल देने पर हंगामा करना बेकार है। रूसी पहले हमें तेल इसलिए सस्ते में बेच रहा था क्योंकि हम उन गिने-चुने देशों में से थे, जो उसका तेल खरीदने को तैयार थे। ऐसे में वह सस्ता तेल हमें दे रहा था। दुनिया में उसके ग्राहक बढ़े हैं तो वह ज्यादा कीमत लेने लगा। सुशांत ने कहा कि रूसी तेल पर अब कोई पाबंदी नहीं है। अमेरिका ने प्रतिबंधों से छूट दे दी है। दूसरी ओर पश्चिम एशिया से सप्लाई में रुकावट है। ऐसे में रूसी तेल की कीमत ज्यादा हो गई है। यह पूरी तरह से बाजार की गतिशीलता और अर्थशास्त्र का मामला है। यही अंतरराष्ट्रीय संबंधों की कड़वी सच्चाई है। इसमें ज्यादा गुना-भाग करने की जरूरत नहीं है। सिराज/ईएमएस 15मार्च26 -------------------------------