नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के बदरपुर के मोलड़बंद इलाके में शनिवार शाम एक घर में अचानक आग लगने से 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह झुलसने के चलते मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने एक घंटे की दिल्ली के बदरपुर के मोलड़बंद इलाके में शनिवार शाम एक घर में अचानक आग लगने से 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह झुलसने के चलते मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घर में जांच के दौरान एक बुजुर्ग महिला का शव झुलसी हुई हालत में मिला। बदरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच के अनुसार बताया जा रहा है कि घर में लगी गैस की पाइपलाइन में लीकेज के चलते यह हादसा हुआ है। डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतक महिला 65 वर्षीय पुष्पा अपने परिवार के साथ मोलड़बंद इलाके में रहती थीं। पुलिस को शनिवार शाम एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद बदरपुर थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि बुजुर्ग महिला पुष्पा घर की छत पर बने वॉशरूम में गई थीं। उसी दौरान अचानक वॉशरूम के अंदर आग भड़क उठी और वह उसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि महिला को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया और वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने शोर सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की और महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थीं। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि करीब दो महीने पहले ही घर में गैस पाइपलाइन का नया कनेक्शन लगाया गया था। उनका कहना है कि पाइपलाइन में कहीं लीकेज था, जिससे गैस रिसाव हो रहा था। हालांकि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी और गैस की गंध भी महसूस नहीं हुई। परिजनों के मुताबिक पुष्पा को बीड़ी पीने की आदत थी। उन्होंने बीड़ी जलाने के लिए जैसे ही माचिस जलाई, गैस के संपर्क में आते ही अचानक तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी और वॉशरूम में लपटें फैल गईं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/मार्च/2026