स्व. गांधी पुण्यतिथि पर सजा विशेष कीर्तन दरबार, गुरबाणी की बही रसधारा खरगोन (ईएमएस) । सिक्ख समाज के वरिष्ठ समाजसेवी स्व. राजेंद्रपाल सिंह गांधी की पुण्य स्मृति में रविवार को श्री गुरुद्वारा साहेब में विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया। इसमे हिमाचल प्रदेश के चम्बे के कमलदीप सिंह एवं सभा के हजूरी रागी भाई पवन सिंह ने राखा एक हमारा स्वामी, मेरे राम राय ज्यो राखे त्यो रहिये, ऐसे गुर को बल-बल जाइए, कर किरपा तेरे गुण गांवा, जो हर का प्यारा सो सबना का प्यारा जैसे शब्द से गुरु की महिमा का बखान करते हुए संगत को गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। श्री गुरुसिंघ सभा प्रधान हरचरण सिंह भाटिया, सेक्रेटरी कमलजीत सिंह गांधी ने बताया आयोजन में समाजजनों, कीर्तन जत्थे सहित आमंत्रित व्यापारियों, नगरवासियों ने स्व. गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कीर्तन दरबार के बाद सरबत के भले की अरदास की गई। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर वरता गया, जिसमें सिक्ख संगत सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर गुरुग्रंथ साहिबजी के दर्शन कर गुरु प्रसादी ग्रहण की। ईएमएस/ नाजिम शेख/ 15 मार्च 2026