ज़रा हटके
16-Mar-2026
...


तेहरान (ईएमएस)। हाल के वर्षों में जहाजों पर हमलों और भू-राजनीतिक टकराव की वजह से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज इलाका लगातार चर्चा में बना हुआ है। लेकिन यदि कोई इस क्षेत्र को करीब से देखे, तो उसे केवल रणनीतिक महत्व ही नहीं बल्कि प्रकृति की अद्भुत सुंदरता भी नजर आती है। नीले समंदर, ऊंचे पहाड़ों और छोटे-छोटे तटीय गांवों से घिरा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज इलाका मानो प्रकृति की बनाई एक जीवंत पेंटिंग जैसा प्रतीत होता है। ओमान के मुसांदम पेनिनसुला में स्थित कुमझार गांव इस क्षेत्र की अनोखी पहचान है। यह छोटा सा गांव पहाड़ों और समुद्र के बीच बसा हुआ है और ड्रोन से देखने पर इसकी खूबसूरती और भी स्पष्ट हो जाती है। नीले समुद्र के किनारे बसे छोटे-छोटे घरों का समूह किसी स्वर्गीय दृश्य जैसा दिखाई देता है। इस गांव की एक और खासियत यह है कि यहां दुनिया की अनोखी भाषा ‘कुम्जारी’ बोली जाती है, जिसमें फारसी, अरबी, हिन्दी और पुर्तगाली भाषाओं का अनूठा मिश्रण देखने को मिलता है। भाषा की यह विविधता इस इलाके की प्राकृतिक विविधता से मेल खाती प्रतीत होती है। दूसरी ओर ईरान के तट पर स्थित व्यस्त बंदरगाह बंदर अब्बास भी इस क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है। यहां का हवाई दृश्य सुनहरी रेत, नीले-हरे पानी और आधुनिक बंदरगाह ढांचे का अनोखा संगम दिखाता है। वहीं पास में स्थित क्यूश्म इसलेंड इस क्षेत्र का सबसे बड़ा द्वीप माना जाता है। यह द्वीप अपने मैंग्रोव जंगलों, चट्टानी तटों और चारों ओर फैले नीले समुद्र के कारण बेहद आकर्षक दिखाई देता है। ऊपर से देखने पर यह द्वीप किसी प्राकृतिक आर्ट गैलरी जैसा लगता है, जहां प्रकृति ने अपने रंगों को खुलकर बिखेरा है। भौगोलिक दृष्टि से भी यह इलाका बेहद खास है। एक ओर ओमान के ऊबड़-खाबड़ पहाड़ हैं, तो दूसरी तरफ ईरान के अपेक्षाकृत सपाट लेकिन रंगीन तटीय क्षेत्र। स्ट्रीट ऑफ होर्मूज इन दोनों भूभागों को जोड़ता भी है और अलग भी करता है। यहां का समुद्री पानी कभी गहरे नीले रंग में चमकता है, तो कभी हरे-फिरोजी रंग की आभा बिखेरता है। सूर्य की रोशनी पड़ते ही यह इलाका हीरे-मोती की तरह चमक उठता है। आज भले ही इस जलडमरूमध्य की चर्चा मुख्य रूप से तेल, टैंकरों और वैश्विक तनाव के संदर्भ में होती हो, लेकिन कुम्जार, बंदर अब्बास और केश्म द्वीप की झलकियां यह याद दिलाती हैं कि यह क्षेत्र केवल रणनीतिक महत्व ही नहीं रखता, बल्कि प्राकृतिक विविधता और सौंदर्य से भी भरपूर है। बता दें कि दुनिया में इन दिनों जिस समुद्री क्षेत्र की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज। आम तौर पर इस जलडमरूमध्य का नाम तेल और गैस के टैंकरों की आवाजाही, रणनीतिक महत्व और क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण सुर्खियों में रहता है। सुदामा/ईएमएस 16 मार्च 2026