मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरों के सामने आने के बाद यह कयास लगाए जाने लगे कि अभिनेत्री नीना गुप्ता प्रेग्नेंट हैं। इन कयासों पर नीना गुप्ता ने विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि वह प्रेग्नेंट नहीं हैं। अभिनेत्री ने बताया है कि यह महज एक गलतफहमी थी। दरअसल हाल ही में नीना गुप्ता को एक इवेंट में देखा गया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं। इन तस्वीरों को देखकर कुछ लोगों ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि अभिनेत्री गर्भवती हैं। अफवाहें फैलने के बाद नीना गुप्ता ने एक इंटरव्यू में इस पर प्रतिक्रिया दी और साफ कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई “बधाई हो” वाली स्थिति नहीं है और वह बिल्कुल भी प्रेग्नेंट नहीं हैं। अभिनेत्री के अनुसार उस इवेंट में उन्होंने जो साड़ी पहनी थी उसका मटेरियल थोड़ा मोटा था, जिसकी वजह से उनका लुक थोड़ा अलग नजर आ रहा था और लोगों को गलतफहमी हो गई। नीना गुप्ता ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्हें यह जानकर अच्छा लगा कि उनकी उम्र में भी लोग उनकी प्रेग्नेंसी की अफवाह उड़ा रहे हैं। उनके मुताबिक यह इस बात का संकेत है कि समाज सोच के स्तर पर आगे बढ़ रहा है और उम्र को लेकर लोगों की धारणाएं बदल रही हैं। बताया जा रहा है कि यह अफवाह उस समय शुरू हुई जब नीना गुप्ता एक समारोह में पहुंचीं, जहां उन्होंने सफेद रंग की साड़ी पहनी हुई थी। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों पर कुछ यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि उनका बेबी बंप जैसा नजर आ रहा है। कुछ लोगों ने तो मजाक में यह भी लिख दिया कि कहीं वह अपनी फिल्म बधाई हो की कहानी की तरह असल जिंदगी में भी प्रेग्नेंट तो नहीं हो गईं। नीना गुप्ता की निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा में रही है। 1980 के दशक में उनका नाम वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर विवियन रिचर्ड के साथ जुड़ा था। उस समय दोनों के रिश्ते से उनकी बेटी मसाबा गुप्ता का जन्म हुआ था। हालांकि बाद में नीना और विवियन रिचर्ड्स का रिश्ता खत्म हो गया और अभिनेत्री ने अपनी बेटी की परवरिश अकेले की। उस दौर में यह फैसला काफी साहसिक माना गया था। बाद में नीना गुप्ता ने विवेक मेहरा से शादी की। दोनों की मुलाकात एक फ्लाइट के दौरान हुई थी और कुछ समय तक एक-दूसरे को जानने के बाद उन्होंने विवाह कर लिया। काम की बात करें तो नीना गुप्ता लंबे समय से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और उन्होंने कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। सुदामा/ईएमएस 16 मार्च 2026