मनोरंजन
16-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर राय रखने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने फिल्म द केरला स्टोरी 2 को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए अभिनेत्री ने फिल्म की कहानी और उसके प्रस्तुतिकरण पर सवाल उठाए हैं। इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। दरअसल स्वरा भास्कर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए एक लंबा नोट लिखा। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने इस फिल्म या इसके ट्रेलर को देखा है तो उसे यह महसूस हो सकता है कि इसमें मुसलमानों को नकारात्मक रूप में दिखाया गया है। स्वरा ने आरोप लगाया कि फिल्म के जरिए एक खास समुदाय के प्रति नकारात्मक छवि बनाने की कोशिश की गई है। अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि ट्रेलर को देखकर ऐसा लगता है कि फिल्म में हिंदू महिलाओं को बहुत भोली और मासूम तरीके से दिखाया गया है। उनके अनुसार कहानी में महिलाओं को ऐसे प्रस्तुत किया गया है मानो वे आसानी से प्रभावित हो जाती हैं और उन्हें अपनी गलतियों से बचाने के लिए किसी बाहरी सुरक्षा की जरूरत होती है। स्वरा ने इस तरह की प्रस्तुति पर आपत्ति जताते हुए कहा कि फिल्मों में इस तरह की छवियां समाज में गलत संदेश दे सकती हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी स्वरा भास्कर ने दिल्ली के उत्तम नगर में हुए एक चर्चित हत्याकांड पर प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें उन्होंने तरुण खाटिक की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी राय व्यक्त की थी। उस मामले में भी उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई थी और उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। यदि पहली फिल्म की बात करें तो द केरला स्टोरी साल 2023 में रिलीज हुई थी और इसे लेकर देशभर में काफी विवाद हुआ था। इस फिल्म में अदा शर्मा, योगिता भिमानी, सोनिया बालानी और सिदधी इदनानी ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। लगभग 15 से 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी और विवादों के बावजूद इसे व्यावसायिक सफलता मिली थी। सुदामा/ईएमएस 16 मार्च 2026