बीजेपी को छोड़ चंद्रशेखर आजाद किसी भी दल से गठबंधन करने को तैयार बाराबंकी,(ईएमएस)। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बीजेपी को छोड़कर किसी भी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन करने की बात कही है। बाराबंकी पहुंचे चंद्रशेखर ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों को एकजुट होकर सत्तारूढ़ बीजेपी को चुनौती देने की अपील की है। उन्होंने ने यह बात कांशीराम जयंती के अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा में कही। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी से वैचारिक मतभेद के कारण उनके साथ कोई गठबंधन संभव नहीं है, लेकिन बाकी सभी दलों के साथ दरवाजे खुले हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी से डरने की कोई जरूरत नहीं है। बस हमारे साथ आ जाइए, हम मिलकर इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने विपक्षी एकता पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से वर्तमान सत्ता को हटाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सभा में उन्होंने कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के “हर कोने में यमराज” वाले बयान का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि बीजेपी से जुड़े अपराधी यमराज को भी छुट्टी पर भेज देते हैं। संभल, जौनपुर समेत कई घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार पर नाकामी का आरोप लगाया। अपने वाहन पर पथराव और धमकियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे नहीं डरते, क्योंकि उनका नाम चंद्रशेखर है और बाबासाहेब के संविधान की ताकत उनके साथ है। रिपोर्ट के मुताबिक चंद्रशेखर आजाद ने कांशीराम के संघर्षों को याद करते हुए बहुजन समाज को सत्ता हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने अपनी पार्टी की नगीना लोकसभा सीट पर स्वतंत्र जीत का हवाला देते हुए कहा कि यह दलित और पिछड़े वर्गों में जागृति का प्रमाण है और 2027 में यह पार्टी किंगमेकर की भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भीम आर्मी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। भीड़ को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात था। सिराज/ईएमएस 16मार्च26 --------------------------------