क्षेत्रीय
16-Mar-2026


पुलिसकर्मी की शिकायत पर दो महिलाओ सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज भोपाल(ईएमएस)। कोलार रोड थाना इलाके में स्थित डी-मार्ट चौराहे पर रविवार शाम पश्चिम मध्य रेलवे के कर्मचारियों और ट्रैफिक सिपाही के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस दो महिलाओ सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विवाद बस रोकने को लेकर शुरू हुआ था, जो बहसबाजी के बाद मारपीट तक पहुचं गया। पुलिस के अनुसार शाम करीब 6:30 बजे कजलीखेड़ा की तरफ से आ रही बस पर पश्चिम मध्य रेलवे कठोतिया ट्रिप का बैनर लगा था, जिससे नंबर प्लेट साफ दिखाई नहीं दे रही थी। बस में करीब 30 महिलाएं और छह-सात पुरुष कर्मचारी सवार थे। ट्रैफिक सिपाही ने बस रोककर पूछताछ की। आरोप है कि बस से एक कर्मचारी नीचे उतरा और सिपाही से बहस करने लगा। इसके बाद कुछ अन्य कर्मचारी और महिलाएं भी नीचे उतर आए और सिपाही से विवाद करते हुए झूमाझटकी करते हुए मारपीट की। वहीं एक महिला ने दांत से सिपाही को काट भी लिया। घटना के बाद कर्मचारी थाने पहुंच गए। वहीं रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि बस रोकने पर कारण पूछने पर सिपाही ने पहले थप्पड़ मारा, जिससे विवाद बढ़ गया। मामले में कोलार थाना पुलिस ने पुलिसकर्मी सरजीत सिंह यादव की शिकायत पर रेलवे कर्मचारियों अंकित सिंह, हरेंद्र, पुष्पलता और रजनी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच, शासकीय कार्य में बाधा डालने और दांत से काटने की धाराओ में मामला दर्ज किया है। जुनेद / 16 मार्च