नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट ने गीता कॉलोनी थाने के एएसआई रोहताश कुमार को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने दहेज उत्पीड़न मामले में शिकायतकर्ता से कार्रवाई न करने के एवज में रिश्वत मांगी थी। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने नागरिकों से भ्रष्टाचार की शिकायत करने की अपील की है। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गीता कॉलोनी थाने में तैनात एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एएसआई शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बराखंबा रोड स्थित विजिलेंस यूनिट की टीम ने की। आरोपी की पहचान रोहताश कुमार के रूप में हुई है, जो गीता कॉलोनी पुलिस स्टेशन में तैनात था। शाहदरा निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस यूनिट से शिकायत की थी कि उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न से जुड़ा मामला दर्ज कराया है। इस मामले की जांच एएसआई रोहताश कुमार कर रहा था। शिकायत के मुताबिक एएसआई उसे और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहा था। पहले उसने 40 हजार रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में यह रकम घटाकर 20 हजार रुपये कर दी गई। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने तय समय और स्थान पर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस मामले में विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई पुलिसकर्मी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत विजिलेंस यूनिट को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1064 या वॉट्सऐप नंबर 9910641064 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नागरिक चाहें तो बराखंबा रोड स्थित विजिलेंस कार्यालय में जाकर भी शिकायत कर सकते हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/मार्च/2026