राज्य
16-Mar-2026


मुंबई, (ईएमएस)। शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र विधान परिषद में पूर्व विरोधी पक्ष नेता अंबादास दानवे को जान से मारने की धमकी भरे कॉल आए हैं। इस बाबत अंबादास दानवे ने छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज कराते समय उन्होंने वह नंबर भी बताया जिससे फोन कॉल आया था। वहीं दानवे को धमकी मिलने के बाद संभाजीनगर में शिवसैनिकों ने जमकर हंगामा किया। अंबादास दानवे ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर बताया है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। दानवे को 11, 12, 13 और 14 मार्च को लगातार चार दिनों तक कॉल आए। फोन करने वालों ने उन्हें काटने की धमकी दी। शिकायत से पता चला है कि दानवे को मोबाइल नंबर 9595959303 से कॉल आ रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। धमकियां क्यों दी गईं? इसके पीछे कौन है? पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में अंबादास दानवे ने कहा है कि 15 मार्च को दोपहर 01.54, 01.55 और 02.00 बजे धमकियां और गालियां दी गई थीं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि तीन से चार लोगों ने फोन करके उन्हें धमकाया। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि फोन पर उन्हें काटने और पीटने जैसी धमकियां दी जा रही थीं। इस घटना से मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। अंबादास दानवे ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर इस घटना की उचित जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। अंबादास दानवे को धमकी भरे कॉल आने के बाद शिवसैनिक आक्रामक हो गए हैं। कार्यकर्ता मांग कर रहे हैं कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। संजय/संतोष झा- १६ मार्च/२०२६/ईएमएस