क्षेत्रीय
16-Mar-2026
...


एक दिवसीय शिविर सम्पन्न लगभग 300 आवेदनों पर हुई सुनवाई दमोह (ईएमएस)। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत मानस भवन में ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन जनपद पंचायत दमोह द्वारा किया गया, जिसमें नगर पालिका परिषद दमोह एवं नगर परिषद हिंडोरिया भी शामिल रहे। शिविर में विभिन्न विभागों की लगभग 106 हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित समस्याओं और आवेदनों पर सुनवाई की गई। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल एवं जनपद अध्यक्ष प्रीति कमल सिंह ठाकुर, एसडीएम सौरभ गंधर्व विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा सरकार द्वारा चलाया जा रहा “संकल्प से समाधान” अभियान आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा हैं। इस अभियान के माध्यम से हितग्राहियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है और एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से जनता को सीधा लाभ मिल रहा है और सभी जनप्रतिनिधि इस पहल के लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित हितग्राहियों के आवेदनों का निराकरण किया गया। लगभग 300 आवेदनों पर सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में विक्रम सिंह, दीपक सिंह, पप्पू सिंह, जनपद पंचायत सीईओ हलधर मिश्रा, सीबीएमओ डॉ. अमित मिश्रा सहित ग्राम पंचायत सचिव, नगर पालिका के कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। ईएमएस / : 16 मार्च 2026