क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)यूपी फिरोजाबाद जनपद में थाना लाइनपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में वांछित एनबीडब्ल्यू वारंटी आरोपी को आधुनिक तकनीक और ‘यक्ष ऐप’ की मदद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए नाम बदलकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के नेतृत्व में स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित ‘यक्ष ऐप’ अपराधियों की निगरानी, सत्यापन और उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी तकनीक का उपयोग करते हुए थाना लाइनपार पुलिस टीम ने वारंटी आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना लाइनपार पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सनोज पुत्र पंचम सिंह, निवासी कमल सिंह की ठार, गुदाऊ थाना लाइनपार जनपद फिरोजाबाद को 15 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक 7 मार्च 2026 को यक्ष ऐप के माध्यम से आरोपी का सत्यापन किया गया था। जांच में पता चला कि सनोज काफी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ वर्ष 2016 में दर्ज हत्या के मुकदमा के मामले में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था। यक्ष ऐप के जरिए आरोपी का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने लोकेशन के आधार पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी ने अपना नाम सुमित बताया, लेकिन यक्ष ऐप में उपलब्ध फोटो से मिलान करने पर उसकी असली पहचान सनोज पुत्र पंचम सिंह के रूप में हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जहां से उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आधुनिक तकनीक और डिजिटल सत्यापन प्रणाली के कारण लंबे समय से फरार अपराधियों तक पहुंचना अब आसान हो गया है। ईएमएस