नोएडा (ईएमएस)। ग्रेटर नोएडा में गैस सिलेंडर घर में नहीं होने के कारण नाराज महिला अपने बच्चों और पति को छोड़कर मायके चली गई। महिला ने पति पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि जब तक घर में गैस नहीं आती है। वह वापस नहीं आएगी। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कमी अब घरेलू विवाद की वजह बन गई। गैस खत्म होने और नया सिलेंडर समय पर न मिलने से नाराज एक महिला अपने पति को छोड़कर मायके चली गई। महिला ने अपने पति पर लापारवाही का आरोप लगाया है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक रबूपुरा थाना क्षेत्र के भन्नातागा गांव निवासी दिनेश खुर्जा में एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के यहां ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता है। करीब 7 साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उसके घर का रसोई गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। गैस खत्म होने के बाद महिला को लकड़ी और उपलों से खाना बनाना पड़ रहा था। आरोप है कि पति कई दिनों से नया गैस सिलेंडर लाने में लापरवाही बरत रहा था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद बढ़ता गया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। नाराज होकर महिला ने साफ कह दिया कि अगर घर में गैस सिलेंडर नहीं आया तो वह ससुराल में नहीं रहेगी। इसी बीच सोमवार को महिला अपने पति और बच्चों को छोड़कर मायके चली गई और कहा कि जब तक घर में गैस सिलेंडर नहीं आएगा, वह वापस नहीं लौटेगी। महिला के मायके जाने के बाद यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और कई जगहों पर सप्लाई की कमी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/17/मार्च /2026