क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी फिरोजाबाद(ईएमएस)जनपद के मक्खनपुर कस्बे के सदर बाजार में नगर पंचायत द्वारा लगाया गया वाटर एटीएम लंबे समय से खराब पड़ा है। करीब दो वर्ष पहले जनहित में लगाए गए इस वाटर एटीएम पर लगभग 24 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन शुरुआत से ही यह सही ढंग से संचालित नहीं हो सका। वर्तमान में स्थिति यह है कि गर्मी के मौसम में लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि वाटर एटीएम में पानी की आपूर्ति के लिए लगाई गई समरसेबल भी कई महीनों से खराब पड़ी है, जिसके कारण मशीन पूरी तरह बंद है। व्यापारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत कार्यालय को अवगत कराया गया, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब लोग समस्या को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचते हैं तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता और कई बार अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। सदर बाजार क्षेत्र में पीने के पानी की अन्य कोई व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर जिला उपाध्यक्ष व्यापार मंडल रमाकांत बजाज के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय पर व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक में मांग की गई कि जिस ठेकेदार द्वारा वाटर एटीएम लगाया गया था, उसकी जांच कराई जाए और मशीन को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जनहित में जल्द ही वाटर एटीएम को चालू नहीं कराया गया तो व्यापार मंडल आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में रतन प्रकाश, विनोद कुमार शर्मा, राम निवास झा, मयूर श्रीवास्तव, मनोज कुमार झा, अंकित गुप्ता, अरविंद कुमार, सत्य प्रकाश शर्मा, पीयूष गुप्ता, जसवंत कुमार, यशदीप गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद, अरुण कुमार, भानु कुमार गुप्ता, विष्णु कुमार, हरिओम गुप्ता, किरन प्रकाश, राम कुमार, राजेश कुमार, ज्ञान प्रकाश, अखिलेश कुमार, राकेश कुमार, श्याम बिहारी, ऋषि कुमार, उमाकांत गुप्ता, राजीव कुमार, बौवी गुप्ता, रोहित ठाकुर, विमल कुमार सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। ईएमएस