व्यापार
17-Mar-2026


- बेरोजगारी दर जनवरी के 5 प्रतिशत से घटकर फरवरी में 4.9 प्रतिशत रह गई नई दिल्ली (ईएमएस)। फरवरी 2026 में देश की बेरोजगारी दर में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी आवधिक श्रम बल सर्वे (पीएलएफएस) के अनुसार, कुल बेरोजगारी दर जनवरी के 5 प्रतिशत से घटकर फरवरी में 4.9 प्रतिशत रह गई। यह गिरावट मुख्यतः शहरी क्षेत्रों में भर्ती गतिविधियों के बढ़ने के कारण देखी गई, जो सर्दियों के बाद सामान्य रूप से तेज हो जाती हैं। एनएसओ के आंकड़ों के मुताबिक, शहरी बेरोजगारी दर फरवरी में 6.6 प्रतिशत रही, जो जनवरी में 7 प्रतिशत थी। इसके विपरीत, ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 4.2 प्रतिशत पर स्थिर बनी रही, जिससे यह संकेत मिलता है कि गांवों में रोजगार की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। महिलाओं के संदर्भ में स्थिति में सुधार देखने को मिला है। फरवरी में महिलाओं की कुल बेरोजगारी दर घटकर 5.1 प्रतिशत हो गई, जो जनवरी में 5.6 प्रतिशत थी। शहरी महिलाओं की बेरोजगारी दर 9.8 प्रतिशत से घटकर 8.7 प्रतिशत रह गई, जबकि ग्रामीण महिलाओं की दर 4.3 प्रतिशत से घटकर 4 प्रतिशत हो गई। पुरुषों की बेरोजगारी दर 4.8 प्रतिशत पर स्थिर रही। सर्वे के अनुसार, श्रम बल सहभागिता दर (एलएफपीआर) फरवरी में 55.9 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रही। ग्रामीण क्षेत्रों में यह 58.7 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 50.4 प्रतिशत दर्ज की गई, जो जनवरी के मुकाबले मामूली वृद्धि दर्शाती है। सतीश मोरे/17मार्च ---