क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- सुबह टहलने निकली महिला से चैन छीनी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल गुना (ईएमएस)। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में मंगलवार सुबह हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। कलेक्टर, एसपी और जज के बंगलों से महज चंद कदम की दूरी पर दो बाइक सवार बदमाशों ने सुबह टहलने निकली महिला को चाकू की नोंक पर लूट लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा पब्लिक स्कूल के पास ऑफिसर्स कॉलोनी रोड पर यह वारदात सुबह करीब 6:30 बजे हुई। लूसन की बगीचा निवासी सीमा यादव रोजाना की तरह सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पीछे से अचानक उनके गले की सोने की चैन झपट ली। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और संघर्ष करने लगी, लेकिन एक आरोपी ने चाकू निकालकर उन्हें धमकाया और पीछे धकेल दिया। जानकारी के अनुसार एक बदमाश को बाइक स्टार्ट करने में भी समय लगा, लेकिन इसके बावजूद आरोपी आराम से मौके से फरार हो गए। यह स्थिति इलाके में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। महिला के भाई सुनील यादव ने बताया कि उनकी बहन रोज की तरह घूमने गई थी, तभी दो बदमाश बाइक से आए और चैन लूट ली। विरोध करने पर चाकू दिखाकर धमकाया गया। घटना के बाद कैंट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, लेकिन वीआईपी क्षेत्र में इस तरह दिनदहाड़े हुई लूट ने आम लोगों में डर का माहौल बना दिया है। लोगों का कहना है कि जब सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में यह हाल है, तो शहर के अन्य हिस्सों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। - सीताराम नाटानी