क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- 8 दिन से था परेशान, एजेंसी संचालक बोले पांच दिन और लगेंगे युवक ने लगाए ब्लैक में बिक्री के आरोप, प्रशासन ने जनसुनवाई में ही उपलब्ध गैस टंकी गुना (ईएमएस)। शहर में गैस सिलेंडर वितरण को लेकर अव्यवस्था सामने आई है। हनुमान कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार यादव गैस सिलेंडर की खाली टंकी लेकर कलेक्टोरेट पहुंच गए और जनसुनवाई में अपनी परेशानी बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि आठ दिन पहले गैस सिलेंडर बुक करने के बावजूद अब तक डिलीवरी नहीं मिली, जबकि एजेंसी पर ब्लैक में ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। इस दौरान प्रशासन ने जनसुनवाई में ही गैस की टंकी उपलबध कराई। दिनेश यादव ने बताया कि उन्होंने समय पर बुकिंग कराई थी और कन्फर्मेशन नंबर भी मिल गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया गया। एजेंसी पर जाने पर उन्हें पांच दिन बाद आने को कहा गया। उन्होंने कहा कि मैं आठ दिन से परेशान हूं, काम पर जाऊं या गैस के लिए भटकूं। घर में गैस खत्म हो चुकी है और परिवार को चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग दो-दो हजार रुपए में सिलेंडर ब्लैक में खरीद रहे हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को टाल दिया जा रहा है। उपभोक्ता ने दावा किया कि गोदाम में पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कलेक्टर से उम्मीद जताई कि जनसुनवाई के माध्यम से उन्हें जल्द भरा हुआ सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस मामले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आशीष चतुर्वेदी ने बताया कि सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण डिलीवरी में देरी हुई है। संबंधित उपभोक्ता का बुकिंग नंबर क्लियर हो चुका है और एजेंसी संचालक को तत्काल सिलेंडर देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और ब्लैक में बिक्री का कोई मामला सामने नहीं आया है, हालांकि शिकायत मिलने पर नियमित जांच और कार्रवाई की जा रही है। - सीताराम नाटानी