अंतर्राष्ट्रीय
17-Mar-2026


-प्रोटोकॉल प्रमुख ने किया खुलासा, हमले के समय में पिता के साथ इमारत में थे मोजतबा तेहरान (ईएमएस)। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई उस अमेरिकी-इजराइली हमले में बाल-बाल बच गए, जिसमें उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि वह हमले से कुछ सेकेंड पहले वहां से निकल गए थे। ईरान की आंतरिक बैठक से लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग पर आधारित एक रिपोर्ट में दावा किया गया है। 28 फरवरी को इजराइल-अमरिका के ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत किए हमले में ईरान के लंबे समय से चले आ रहे सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के तेहरान स्थित परिसर को निशाना बनाया गया था, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी मारे गए थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग में 12 मार्च को वरिष्ठ ईरानी धर्मगुरुओं और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के कमांडरों के बीच हुई एक बैठक में की गई टिप्पणियां दर्ज हैं। दिवंगत नेता के कार्यालय में प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहिर हुसैनी ने अधिकारियों को बताया कि हमले से कुछ ही समय पहले मोजतबा खामेनेई अपने पिता के साथ इमारत के अंदर मौजूद थे, लेकिन मिसाइलों के टकराने से ठीक पहले वह बाहर निकल गए। रिकॉर्डिंग में हुसैनी के हवाले से कहा गया है कि अल्लाह की यही मर्जी थी कि मोजतबा किसी काम से आंगन में जाएं और फिर लौट आएं। वह बाहर थे और ऊपर की मंजिल की ओर जा रहे थे, तभी दुश्मनों ने मिसाइल से इमारत पर हमला कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक मोजतबा के इमारत से निकलने के कुछ ही देर बाद इजराइली ब्लू स्पैरो बैलिस्टिक मिसाइलों ने परिसर पर हमला किया और इसमें अयातुल्ला अली खामेनेई और दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी और रिश्तेदारों की मौत हो गई। हुसैनी ने सभा को बताया कि इस हमले में कम से कम तीन मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था। एक मिसाइल कंपाउंड के उस हिस्से पर गिरी, जहां बड़े खामेनेई मौजूद थे, जबकि दूसरी मिसाइल ऊपरी मंजिल पर स्थित मोजतबा खामेनेई के आवास पर गिरी। तीसरी मिसाइल उनके बहनोई, मिस्बाह अल-हुदा बाघेरी कानी के घर पर गिरी। रिकॉर्डिंग में हमले के विनाशकारी प्रभाव का भी वर्णन किया। हुसैनी ने बताया कि इस हमले में ईरानी सेना प्रमुख मोहम्मद शिराजी मारे गए और उनका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हुसैनी ने कहा कि वह धमाके में पूरी तरह से बिखर गए थे। उन्हें कुछ भी नहीं मिला और आखिर में उन्हें कुछ किलो मांस मिला, जिसकी पहचान उन्होंने उनके शरीर के तौर पर की। रिपोर्ट के मुताबिक मोजतबा खामेनेई को पैर में मामूली चोट आई। हालांकि, उनकी पत्नी इस हमले में मौके पर ही मारी गईं। खामेनेई के दूसरे बेटे मुस्तफा खामेनेई और उनकी पत्नी भी इस हमले में बाल-बाल बच गए। सिराज/ईएमएस 17मार्च26