क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के बूढ़े बालाजी टेकारी रोड क्षेत्र में हाल ही में की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और प्रभावित परिवारों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 12 मार्च 2026 को जिला प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के गरीब मजदूरों के मकान, दुकान, शौचालय और स्नानघर तोड़ दिए, जिससे कई परिवार बेघर और रोजी-रोटी से वंचित हो गए हैं। ज्ञापन में बताया गया कि जिन मकानों और दुकानों को तोड़ा गया, वे पिछले करीब 40 वर्षों से बने हुए थे और इनमें रहने वाले लोग दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से उनके छोटे-छोटे व्यवसाय भी खत्म हो गए, वहीं शौचालय टूटने से महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि प्रशासन ने पुलिस बल के साथ दबाव बनाकर यह कार्रवाई की और इसमें पक्षपात बरता गया, जबकि टेकारी मंदिर तक पहुंचने के लिए पहले से ही वैकल्पिक रास्ता मौजूद है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि अतिक्रमण हटाने के बाद सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त बजट भी नहीं है, जिससे अब क्षेत्र में मलबे के ढेर लगे हैं और धूल के कारण बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। सोनू प्रजापति, बलराम कोरी, हेमराज, प्रभुलाल, मुकेश रैकवार, नाथूलाल, चंदाबाई सहित कई परिवारों के मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। भाकपा जिला सचिव भगवती सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए, मकानों का पुनर्निर्माण कराया जाए और क्षेत्र से मलबा तत्काल हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना, आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।।- सीताराम नाटानी