18-Mar-2026
...


- प्रेमी गिरफ्तार, जहर पीने के बावजूद अस्पताल न ले जाने का आरोप; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज राजकोट (ईएमएस)| जिले के कुवाड़वा पुलिस थाना क्षेत्र के रफाला गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के सरपंच की वाड़ी में स्थित एक कमरे से वांकानेर के तिथवा गांव की एक युवती का संदिग्ध हालत में शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस ने युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकोट जिले के वांकानेर तालुका के तिथवा गांव की रहने वाली शरमा भूरिया नाम की युवती करीब 12 दिन पहले अपने प्रेमी बुशा राठौड़ के साथ घर से भाग गई थी। दोनों रफाला गांव में सरपंच की वाड़ी के एक कमरे में रह रहे थे। हालांकि, इस प्रेम कहानी का अचानक दुखद और खून-खराबे से जुड़ा अंत हो गया। युवती का शव कमरे से अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर और गुप्तांगों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जो किसी संघर्ष या हमले की ओर इशारा करते हैं। दूसरी ओर, यह भी सामने आया है कि युवती ने जहरीला पदार्थ पी लिया था। आरोपी प्रेमी बुशा राठौड़ ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि युवती ने उसकी मौजूदगी में ही जहर पिया था। मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवती के जहर पीने की जानकारी होने के बावजूद प्रेमी उसे इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गया। समय पर चिकित्सा सहायता न देने के कारण उसकी मौत हो गई। इसी आधार पर कुंवाड़वा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नए कानून बीएनएस 106 के तहत आपराधिक मानव वध का मामला दर्ज किया है। फिलहाल, युवती की मौत जहर पीने से हुई या उसकी हत्या की गई, यह रहस्य अभी बरकरार है। पुलिस ने शव को फोरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती के साथ कोई जबरदस्ती हुई थी या नहीं और शरीर पर मिले चोट के निशानों की असली वजह क्या है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। सतीश/18 मार्च